छत्तीसगढ़ में एमबीबीएस-बीडीएस प्रथम चरण काउंसिलिंग के लिए नौ अगस्त से ऑनलाइन आवेदन
रायपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के शासकीय एवं निजी चिकित्सा तथा दंत चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026 के एमबीबीएस एवं बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग हेतु आवेदन नौ अगस्त से आमंत्रित किए गए हैं।
कार्यालय आयुक्त चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य भवन, नवा रायपुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया नौ अगस्त को सुबह 11 बजे से प्रारंभ होकर 16 अगस्त को रात्रि 11:59 बजे तक चलेगी। वहीं च्वाइस फिलिंग एवं लॉकिंग की प्रक्रिया नौ अगस्त को सुबह 11 बजे से शुरू होकर 17 अगस्त को रात्रि 11:59 बजे तक जारी रहेगी।
आयुक्त चिकित्सा शिक्षा ने अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने से पहले छत्तीसगढ़ चिकित्सा, दंत चिकित्सा एवं भौतिक चिकित्सा (फिजियोथेरेपी) स्नातक प्रवेश नियम, 2025 (क्रमांक RULE-503/30/2025/MED) का विशेष रूप से आरक्षण, काउंसिलिंग प्रक्रिया तथा बॉण्ड संबंधी प्रावधानों का अध्ययन करने की सलाह दी है। नियमावली विभागीय वेबसाइटों पर उपलब्ध है।
सूचना के अनुसार अनारक्षित (यूआर) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क एक हजार रुपये, अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये तथा अप्रवासी भारतीय (एनआरआई) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। यह शुल्क अप्रतिदेय होगा। पंजीयन राशि (सुरक्षा निधि) संबंधी जानकारी विस्तृत सूचना के पृष्ठ क्रमांक दो पर उपलब्ध कराई गई है।
आयुक्त चिकित्सा शिक्षा ने अभ्यर्थियों से काउंसिलिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए विभागीय वेबसाइट का अवलोकन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

