छत्तीसगढ़ मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल को

WhatsApp Channel Join Now

जांजगीर-चांपा, 21 अप्रैल (हि. स.)। छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन 26 अप्रैल को किया जाएगा। यह परीक्षा छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा प्रदेश के 16 जिलों में आयोजित की जा रही है, जिसमें राज्यभर के सभी 33 जिलों से अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा में लगभग 2 लाख 47 हजार परीक्षार्थी भाग लेंगे। जांजगीर-चांपा जिले में यह परीक्षा 33 परीक्षा केंद्रों में आयोजित होगी, जहां 9811 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे से पहले ही परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा, क्योंकि इसके बाद केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा और किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

परीक्षार्थियों की सुविधा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के एक दिन पहले ही अपने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही, परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचना आवश्यक होगा, जिससे फ्रिस्किंग और फोटो युक्त मूल पहचान पत्र का सत्यापन समय पर किया जा सके।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचे, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story