छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग घोटाले के मामले में आरोपित टामन सोनवानी को व्हीआईपी ट्रीटमेंट देने के मामले में जेल प्रहरी बर्खास्त

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग घोटाले के मामले में आरोपित टामन सोनवानी को व्हीआईपी ट्रीटमेंट देने के मामले में जेल प्रहरी बर्खास्त


छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग घोटाले के मामले में आरोपित टामन सोनवानी को व्हीआईपी ट्रीटमेंट देने के मामले में जेल प्रहरी बर्खास्त


रायपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग घोटाले के मामले में जेल में बंद टामन सोनवानी का एक वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। टामन सोनवानी को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल (डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल) में इलाज के दौरान व्हीआईपी ट्रीटमेंट देने के मामले में जेल प्रहरी संदीप कुमार माहेश्वरी को बर्खास्त कर दिया गया है।

सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में सोनवानी अस्पताल में अपने परिजनों के साथ बिना हथकड़ी और बिना जेल प्रहरी की मौजूदगी में बातचीत करते नजर आ रहे हैं। टामन सिंह सोनवानी को पेसमेकर के फॉलोअप इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल लाया गया था। बताया जा रहा है कि अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में जब उनकी पत्नी और बेटा उनसे मिलने पहुंचे, तो सोनवानी के कहने पर ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी ने जेल नियमों के विपरीत उनकी हथकड़ी खोल दी। इसके बाद परिजनों ने उन्हें लड्डू खिलाए और तीनों ने बैठकर साथ में लड्डू खाए। वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने ड्यूटी में लापरवाही के मामले में कार्रवाई की है।

वीडियो में उनके आसपास कोई जेल प्रहरी नजर नहीं आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने मामले की जांच कराई। ड्यूटी में तैनात जेल प्रहरियों की भूमिका की भी जांच की गई।

जानकारी के अनुसार, टामन सोनवानी की निगरानी के लिए संदीप कुमार माहेश्वरी, नागेन्द्र कुमार महतो और पवन कुमार लहरे की तैनाती थी। मामले में जेल प्रहरी संदीप कुमार माहेश्वरी को बर्खास्त कर दिया गया है। संदीप कुमार माहेश्वरी वर्तमान में बलौदाबाजार जिला जेल में पदस्थ बताए जा रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई का लिखित आदेश जेल अधीक्षक रायपुर की ओर से जारी किया गया है। दो अन्य प्रहरियों के संबध में आदेश जारी किये जाने है। जेल विभाग के एक आला अफसर ने इस कार्यवाही की पुष्टि कर दी है। सुरक्षा में लगे अन्य जिलों के प्रहरियों पर भी कार्रवाई के लिए संबंधित जेल अधीक्षकों को पत्र लिखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story