छत्तीसगढ़ का तेजी से हो रहा विकास , किसी वर्ग में कोई नाराजगी नहीं : मुख्यमंत्री साय

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ का तेजी से हो रहा विकास , किसी वर्ग में कोई नाराजगी नहीं : मुख्यमंत्री साय


रायपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बीते ढाई सालों में डबल इंजन की सरकार की वजह से छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हो रहा है। जनता से किए सभी वादे पूरे किए जा रहे हैं। सबकाे साथ लेकर चल रहे हैं, किसी वर्ग में काेई नाराजगी नहीं है।

विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को मीडिया से चर्चा में सांसद संजय सिंह के बयान पर कहा कि छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी के हर काम को पूरा कर रहे हैं। 18 लाख प्रधानमंत्री आवास किसानों का वादा पूरा कर रहे हैं। 70 लाख से ज्यादा महिलाओं को महतारी वंदन का पैसा दे रहे हैं। सभी क्षेत्र में चहुमुखी विकास हो रहा है।

ई20 पेट्रोल को लेकर ‘मोदी सिर्फ वोटों की भाषा समझते हैं’ वाले अरविंद केजरीवाल के बयान पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मोदी 12 सालों में देश को आगे ले जा रहे हैं। उनका नारा है सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास, आज हर क्षेत्र में तेजी से देश विकास कर रहा है। इसको पूरा देश जान रहा है। आर्थिक क्षेत्र में देश 12 साल पहले दसवें स्थान पर था, उसे चौथे स्थान पर लाकर खड़ा किए हैं। नए भारत का निर्माण कर रहे हैं। इसको पूरा देश देख रहा है।

अगले हफ़्ते संसद में ‘विदेशी योगदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026’ को पेश किए जाने के संदर्भ में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हम इसका स्वागत हैं। इससे देश को लाभ होगा।

बस्तर के कई गांवों में पहली बार तिरंगा फहराए जाने को प्रोपगेंडा बताए जाने पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अब कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। कायदे से खुश होना चाहिए, क्योंकि 4 दशकों से ज्यादा समय तक बस्तर नक्सलवाद से ग्रसित रहा है, जिसके खात्मे के बाद अब 90 से ज्यादा गांवों में तिरंगा फहराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story