रायपुर में सेंट पॉल स्कूल परिसर के पास अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
रायपुर में सेंट पॉल स्कूल परिसर के पास अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर


रायपुर, 23 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बैरन बाजार स्थित सेंट पॉल स्कूल परिसर में जिला प्रशासन और नगर निगम ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन विवादित ढांचे पर बुलडोजर चला दिया है। यह कार्रवाई आज भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई, जिसके तहत परिसर में बन रहे करीब चार मंजिला ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

विवादित ढांचे को लेकर महीनों से हंगामा मचा था। मंगलवार की सुबह होते ही जिला प्रशासन की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंच गया।पुलिस ने दोनों तरफ की सड़कें बंद कर दी थीं। किसी को भी आसपास फटकने नहीं दिया गया। अपर कलेक्टर से लेकर नगर निगम के बड़े अधिकारी मौके पर खुद मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति या हंगामे से निपटने के लिए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया था। मौके पर अपर कलेक्टर और एडीसीपी सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

उल्लेखनीय है कि इस निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों और कई संगठनों में लंबे समय से विवाद था। आरोप था कि सामुदायिक भवन की आड़ में चर्च का निर्माण किया जा रहा है। मामला काफी तूल पकड़ चुका था। इसको लेकर कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं और प्रदर्शन हो रहे थे।

नगर निगम और प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जिस जमीन पर यह निर्माण कार्य किया जा रहा था, उसकी दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक लीज अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद यहां निर्माण जारी था। अधिकारियों का साफ कहना है कि नियम से ऊपर कोई नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story