छत्तीसगढ़ में संत रविदास जयंती यानी माघ पूर्णिमा के अवसर पर सरकारी अवकाश घोषित

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में संत रविदास जयंती यानी माघ पूर्णिमा के अवसर पर सरकारी अवकाश घोषित


रायपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। संत रविदास जयंती यानी माघ पूर्णिमा के अवसर पर सरकारी अवकाश रहेगा।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान के शुभारंभ समारोह के अवसर पर आज यह घोषणा की है।

आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान के शुभारंभ समारोह में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य में अब से संत रविदास जयंती यानी माघ पूर्णिमा के अवसर पर सरकारी अवकाश रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए संत रविदास के नाम पर नया राज्य अलंकरण पुरस्कार शुरू करने, नया रायपुर के प्रमुख चौक का नामकरण उनके नाम पर करने और माघ पूर्णिमा के दिन संपूर्ण राज्य में शुष्क दिवस (ड्राय डे) लागू रखने का ऐलान किया।

राजधानी रायपुर में आयोजित इस राज्य स्तरीय समारोह में संत रविदास समाज के प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं का विशाल जमावड़ा देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने बताया कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुरू हुआ यह कलश वंदन अभियान और विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम आगामी फरवरी 2027 तक पूरे प्रदेश में निरंतर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संत रविदास के विचारों को प्रशासनिक और सामाजिक व्यवस्था में उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story