छत्तीसगढ़ : रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभागों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ : रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभागों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट


रायपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और झारखंड के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में अगले 48 घंटों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों (अति भारी बारिश की संभावना) में बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, दुर्ग और बेमेतरा तथा येलो अलर्ट वाले जिलों (भारी बारिश की संभावना)में सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, रायगढ़ और मुंगेली शामिल हैं। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेष रूप से खुले स्थानों और बिजली कड़कने के दौरान सावधानी बरतने को कहा गया है।लगातार हो रही बारिश से तापमान में 2°C से 3°C तक की गिरावट दर्ज की गई है। बिलासपुर जैसे क्षेत्रों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है

छत्तीसगढ़ में मानसून सीजन की अब तक की स्थिति संतोषजनक नहीं रही है। आंकड़ों के मुताबिक, सीजनल वर्षा सामान्य से 25 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। राज्य के पूरे मानसून सीजन की दीर्घकालिक औसत वर्षा लगभग 1142 मिमी है। इस मानक के अनुसार, एक जून से 18-19 जुलाई तक प्रदेश में औसतन 380 मिमी से 400 मिमी बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 285 मिमी से 300 मिमी ही वर्षा दर्ज की जा सकी है।

पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश बलरामपुर जिले के कुसमी में 280 मिमी दर्ज की गई है। इसके अलावा, बिलासपुर और अकलतरा में 14-14 सेमी, जांजगीर-चांपा के पामगढ़ में 120 मिमी और जीपीएम के पेंड्रा में 100 मिमी बारिश हुई है। रायपुर शहर में 5.5 मिमी और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में 7.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story