रायगढ़ में शुरू हुआ छत्तीसगढ़ का पहला सरकारी नशामुक्ति केंद्र, पहले दिन तीन मरीज भर्ती
रायगढ़, 11 सितंबर (हि.स.)। नशे की लत से जूझ रहे लोगों के उपचार और पुनर्वास के लिए रायगढ़ जिले में छत्तीसगढ़ का पहला सरकारी नशामुक्ति केंद्र शुरू किया गया है। जिले के लोइंग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार से 10 बिस्तरों की क्षमता वाले इस केंद्र का संचालन प्रारंभ हो गया। पहले ही दिन तीन मरीजों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
रायगढ़ शहर से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित लोइंग सीएचसी में स्थापित यह केंद्र नशे से प्रभावित लोगों को सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत उपचार उपलब्ध कराएगा। जानकारी के अनुसार, राज्य में अब तक इस तरह का कोई सरकारी नशामुक्ति केंद्र संचालित नहीं था। ऐसे में इसे प्रदेश में नशामुक्ति उपचार की सरकारी व्यवस्था की महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है।
केंद्र में फिलहाल 10 मरीजों के उपचार की व्यवस्था की गई है। नशामुक्ति केंद्र का उद्देश्य केवल नशे की लत से मुक्ति दिलाना ही नहीं, बल्कि उपचार, परामर्श और पुनर्वास के माध्यम से मरीजों को सामान्य सामाजिक जीवन से दोबारा जोड़ना भी है।
इस सरकारी सुविधा के शुरू होने से ऐसे परिवारों को भी राहत मिलने की उम्मीद है, जो आर्थिक कारणों से निजी नशामुक्ति केंद्रों में उपचार कराने में सक्षम नहीं हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

