कोरबा में हुआ छत्तीसगढ़ की प्रथम ई.व्ही. जागरूकता रैली ’’ ड्राईव फार अर्थ ’’ का भव्य आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में हुआ छत्तीसगढ़ की प्रथम ई.व्ही. जागरूकता रैली ’’ ड्राईव फार अर्थ ’’ का भव्य आयोजन


कोरबा में हुआ छत्तीसगढ़ की प्रथम ई.व्ही. जागरूकता रैली ’’ ड्राईव फार अर्थ ’’ का भव्य आयोजन


कोरबा ,05 जून (हि.स.)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आज ई.व्ही. जागरूकता रैली ’’ ड्राईव फार अर्थ ’’ का भव्य आयोजन कोरबा में किया गया, जो छत्तीसगढ़ राज्य की पहली ई.व्ही.जागरूकता रैली है।हरित कोरबा व स्वच्छ कोरबा पर विशेष रूचि रखने वाले कलेक्टर कुणाल दुदावत व निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की पहल पर निकाली गई इस भव्य ई.व्ही.जागरूकता रैली को ’’ ड्राईव फार अर्थ ’’ का नाम दिया गया।

रैली समापन के पश्चात निगम के पं.जवाहरलाल नेहरू सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा व ईंधन की बचत, अधिकाधिक वृक्षारोपण व वृक्षों का संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किये।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि नगर पालिक निगम केारबा द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पूरी गंभीरता के साथ कार्य किये जा रहे हैं। निगम द्वारा वर्षा ऋतु के आगमन के साथ ही वृहद वृक्षारोपण अभियान की योजना क्रियान्वित की जानी है। कोरबा को प्रदूषण से मुक्त करना हम सभी के सहयोग से ही संभव है। उन्होने विशेष रूप से रेखांकित करते हुये कहा कि ई.व्ही.वाहन को चार्ज करने में भी सोलर एनर्जी का उपयोग किया जाए तथा सभी लोग घरों में सोलर पैनल लगवायें।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने अपने उद्बोधन में कहा कि पर्यावरण का संरक्षण तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं उनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होने आगे कहा कि देश का 12 प्रतिशत क्षेत्र वन आच्छादित क्षेत्र है, लेकिन हमारे छत्तीसगढ़ में यह प्रतिशत 40 प्रतिशत तक है, अर्थात यहाॅं पर वनों व पेड़-पौधों की अधिकता है, जो हमें विरासत में मिली है। इस विरासत को बचाकर रखना हमारा कर्तव्य है।

इस अवसर पर निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि पेड़-पौधें व वृक्ष पृथ्वी के आभूषण है, वृक्ष हैं तो हमारा जीवन भी है, पेड़-पौधों एवं वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है, अतः अधिक से अधिक वृक्षों का रोपण करना, उनका संरक्षण करना, हमारा प्रथम दायित्व है। उन्होने कहा कि सुशासन तिहार के मौके पर मैंने शहरवासियों से ’’ गुठली दान ’’ का आव्हान किया था। इन गुठलियों को एकत्रित किया जाएगा तथा वर्षा ऋतु के दौरान उन्हें जमीन पर डाला जाएगा ताकि वे वृक्ष का रूप धारण कर सकें।

इस अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आमनागरिकों का आव्हान करते हुये कहा कि वे एक पेड़ जरूर लगायें तथा उसका संरक्षण करते हुये उसे वृक्ष का रूप दें। उन्होने कहा कि केवल पौधा रोपण ही काफी नहीं है बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। नगर निगम कोरबा की टीम प्रत्येक वार्ड में वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित करेगी ।

इस अवसर पर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि पर्यावरण का संरक्षण केवल शासन प्रशासन की नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होने आव्हान करते हुये कहा कि हम सब मिलकर अधिक से अधिक पेड़ लगायें, प्लास्टिक का उपयोग न करें, आवागमन में ई.वाहनों को उपयोग में लायें, घरों में सोलर पैनल लगवायें। आयुक्त श्री पाण्डेय ने आगे बताया कि निगम की योजना है कि इस मानसून में वृहद वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जायेगा तथा वार्ड-दर-वार्ड को हरित वार्ड बनाने का कार्य होगा।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित अन्य अतिथियों ने पं.जवाहरलाल नेहरू सभागार परिसर में वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान शहर की स्वयंसेवी संस्थाओं को अतिथियों द्वारा पौधे भेंटकर वृक्षारोपण व पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी सहभागिता का आव्हान किया गया, वहीं निगम के कर्मचारियों को हेलमेट प्रदान किये गये।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story