धमतरी : ‘विकसित भारत युवा संसद–2026’ का जिला स्तरीय आयोजन संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : ‘विकसित भारत युवा संसद–2026’ का जिला स्तरीय आयोजन संपन्न


धमतरी, 02 मार्च (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मैं भारत’ अभियान तथा पीजी कॉलेज धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में “विकसित भारत युवा संसद–2026” का जिला स्तरीय आयोजन सोमवार को शासकीय पीजी कॉलेज धमतरी में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, समसामयिक मुद्दों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन तथा महाविद्यालय के प्राचार्य विनोद पाठक शामिल हुए। आयोजन की शुरुआत मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद युवा प्रतिभागियों ने संसद की कार्यवाही की तर्ज पर विभिन्न समसामयिक विषयों पर सारगर्भित चर्चा की। विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा, नवाचार, डिजिटल सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता जैसे मुद्दों पर विद्यार्थियों ने तार्किक और तथ्यपूर्ण तर्क रखे। मुख्य अतिथि रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।

उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को अनिवार्य बताते हुए विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया। नेहरू निषाद ने कहा कि युवा संसद जैसे मंच युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और आत्मविश्वास का विकास करते हैं, जिससे वे भविष्य में सशक्त नेतृत्व प्रदान कर सकें। कौशिल्या देवांगन ने विद्यार्थियों के विचारों की सराहना करते हुए उन्हें सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में पार्षद संतोष सोनकर, संजय देवांगन, गजेन्द्र कंवर, अविनाश दुबे, ओमेश यादव, आयुष दिवान, प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन उत्साह और अनुशासन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story