उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज करेंगे पीएचई विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज करेंगे पीएचई विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा


उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज करेंगे पीएचई विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा


रायपुर 23 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में पेयजल व्यवस्था और जल जीवन मिशन के कार्यों को लेकर सरकार लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण आज लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कामकाज की विस्तृत समीक्षा करेंगे। मंत्रालय में आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री साव विशेष रूप से जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी लेंगे। साथ ही गर्मी के मौसम में प्रदेश के विभिन्न जिलों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति, जल संकट वाले क्षेत्रों में किए जा रहे प्रबंध तथा खराब हैंडपंपों और जल स्रोतों की मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी।

जानकारी के अनुसार राज्य के सभी जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल होंगे। जिलों में संचालित योजनाओं, अधूरे कार्यों, पाइपलाइन विस्तार, जल गुणवत्ता और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता को लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बैठक को लेकर सभी अधिकारियों को आवश्यक आंकड़ों और प्रगति रिपोर्ट के साथ पूरी तैयारी में रहने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि समीक्षा बैठक में कार्यों में लापरवाही या धीमी प्रगति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जा सकते हैं।

प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकार पेयजल व्यवस्था को लेकर गंभीर है और आम जनता को निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story