छत्तीसगढ़ में अर्नब चक्रवात से फसल नुकसान की 60 हजार शिकायतें दर्ज, सर्वे की रफ्तार धीमी

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में अर्नब चक्रवात से फसल नुकसान की 60 हजार शिकायतें दर्ज, सर्वे की रफ्तार धीमी


रायपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफानों और बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 'अर्नब' चक्रवात के प्रभाव से खेतों में खड़ी फसलों को हुए नुकसान को लेकर अब तक कृषि विभाग के पास कुल 59,666 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। जिलेवार शिकायतों और नुकसान की आधिकारिक सूची अभी सार्वजनिक नहीं हुई है।

विभागीय जानकारी के अनुसार इन शिकायतों के मुकाबले सर्वेक्षण की रफ्तार बेहद धीमी है और शुरुआती आंकड़ों के अनुसार अब तक महज 88 मामलों का ही सर्वे पूरा हो सका है। ऐसे में प्रभावित किसानों को मुआवजा और राहत राशि मिलने में अभी समय लग सकता है।

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अर्नब के अलावा मुरासु और अकवान चक्रवात के कारण हुई बेमौसम बारिश से भी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, मुरासु और अकवान से प्रभावित किसानों की कुल संख्या और नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।

विभागीय जानकारी के अनुसार, हाल ही में हुई पटवारियों की हड़ताल के चलते फसल नुकसान के सर्वे का काम प्रभावित हो गया था। अब हड़ताल समाप्त हो चुकी है, जिससे जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण कार्य में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। सर्वे पूरा होने के बाद ही पात्र किसानों को मुआवजे का भुगतान किया जाएगा।

चक्रवात से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल सर्वे के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार हर प्रभावित किसान के साथ मजबूती से खड़ी है। किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सभी जिला कलेक्टरों को चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का तत्काल सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वे के आधार पर सभी पात्र किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 और फसल बीमा योजना के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के नियमों के तहत असामयिक बारिश, जलभराव या ओलावृष्टि से अधिसूचित फसलों को नुकसान होने पर बीमित किसान 72 घंटे के भीतर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।कृषि विभाग द्वारा जारी टोल-फ्री नंबर 14447 पर कॉल करके नुकसान की सूचना दी जा सकती है।

शिकायत मिलने के बाद बीमा कंपनी को 48 घंटे में सर्वेयर नियुक्त कर 10 दिनों के भीतर आकलन पूरा करना होता है, जिसके बाद पात्र किसानों को 15 दिनों में क्लेम राशि सीधे बैंक खाते में देने का प्रावधान है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिलों के कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सर्वेक्षण कराने और पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता देने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र और फसल बीमा के प्रावधानों के तहत राहत दी जाएगी। फसल बीमा के तहत सिंचित धान के लिए 66,000 रुपये और असिंचित धान के लिए 49,500 रुपये प्रति हेक्टेयर बीमा राशि निर्धारित है, जिसमें कटाई के बाद खेत में सुखाने रखी फसल भी शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781691 Articles

Share this story