चुनाव आयोग के मुखिया लोकतंत्र को दीमक की तरह खोखला कर रहे : सुखदेव भगत

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव आयोग के मुखिया लोकतंत्र को दीमक की तरह खोखला कर रहे : सुखदेव भगत


प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के स्वागत में जुटे कांग्रेसी

धमतरी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के धमतरी पहुंचने पर बुधवार को बठेना चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। भगत बस्तर में आयोजित वोट बचाओ-देश बचाओ रैली में शामिल होने जा रहे थे। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता चौक पर जुटे। इस दौरान प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि, चुनाव आयोग के मुखिया लोकतंत्र को दीमक की तरह खोखला कर रहे हैं, इसे बचाना अब जरूरी है। दिल्ली में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी वोट चोरी को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत, सहप्रभारी ए एस संपत कुमार और राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम का स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता संकल्पित है। बस्तर में आयोजित वोट बचाओ-देश बचाओ रैली इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने धमतरी के कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता से संगठन को मजबूती मिलेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, बस्तर की रैली के माध्यम से जनता के अधिकारों और उनके मतों की रक्षा का संदेश दिया जाएगा। कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक अपनी बात रख रही है। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

स्वागत कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू, अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लेखराम साहू, लक्ष्मी ध्रुव, पूर्व महापौर विजय देवांगन, जिला पंचायत सदस्य द्वय नीलम चंद्राकर, कविता योगेश बाबर, मोहन लालवानी, शरद लोहाना, विपिन साहू, आनंद पवार, महिला कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष अंबिका सिन्हा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, खिलेंद्र ध्रुव, राजा देवांगन, हितेश गंगवीर सहित युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story