पुलिस के आश्वासन के बाद कांग्रेस का 18 घंटे से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना और आंदोलन सात दिनों के लिए स्थगित

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस के आश्वासन के बाद कांग्रेस का 18 घंटे से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना और आंदोलन सात दिनों के लिए स्थगित


रायपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन पर भाजपा कार्यकर्ताओं के कथित हमले और उसके बाद कांग्रेस नेताओं पर दर्ज गैर-जमानती धाराओं के खिलाफ चल रहा अनिश्चितकालीन धरना पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने पुलिस द्वारा अगले 7 दिनों के भीतर भाजपा नेताओं पर कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।

छत्तीसगढ़ के रायपुर में पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज 18 घंटे से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना और आंदोलन 7 दिनों (एक सप्ताह) के लिए स्थगित कर दिया। यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस नेताओं पर दर्ज एफआईआर और काउंटर एफआईआर की मांग को लेकर खम्हारडीह थाने के बाहर किया जा रहा था। पुलिस प्रशासन ने एक सप्ताह के भीतर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी करने का लिखित भरोसा दिया है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लगाई गई गैर-जमानती धाराओं की निष्पक्ष विवेचना करने की बात कही गई है।

पुलिस प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच हुई बातचीत के बाद पुलिस ने निष्पक्ष जांच का लिखित भरोसा दिया, जिसके बाद आंदोलन को एक हफ्ते के लिए टाला गया है। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने केवल उनके 12 नामजद नेताओं और कार्यकर्ताओं पर एकतरफा एफआईआर दर्ज की है। कांग्रेस की मांग है कि उनके प्रदेश मुख्यालय (राजीव भवन) पर हमला करने वाले भाजपा मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं पर भी काउंटर एफआईआर दर्ज की जाए।

ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी को पुलिस द्वारा पकड़े जाने के विरोध से शुरू हुआ राजनीतिक विवाद छत्तीसगढ़ में उग्र रूप ले चुका है। रायपुर के खम्हारडीह थाने के सामने रातभर चले इस आंदोलन के बाद शुक्रवार सुबह पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच बैठक हुई।

शुक्रवार सुबह हुई उच्चस्तरीय बैठक में पुलिस की ओर से मध्य जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल, नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पूर्णिमा लांबा मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस की ओर से दीपक बैज, सह प्रभारी जरिता लैतफलांग, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू, सुशील आनंद शुक्ला, सत्यनारायण शर्मा और कुलदीप जुनेजा शामिल हुए।

पुलिस द्वारा लिखित में सभी मांगें मानने और दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं पर 7 दिनों के भीतर कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदर्शन को एक सप्ताह के लिए स्थगित करने का ऐलान किया।

आंदोलन के दौरान खम्हारडीह थाने के बाहर माहौल तनावपूर्ण बना रहा। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई नेता रातभर थाने के बाहर जमे रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इस हिंसक झड़प को रोकने के लिए पुलिस को वॉटर कैनन और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करना पड़ा था। इस उग्र झड़प में करीब 16 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story