जनदर्शन में जरूरतमंदों को मिला मुख्यमंत्री का संबल, तत्काल प्रदान की आर्थिक सहायता

WhatsApp Channel Join Now
जनदर्शन में जरूरतमंदों को मिला मुख्यमंत्री का संबल, तत्काल प्रदान की आर्थिक सहायता


-तीन जरूरतमंदों को उपचार के लिए मिली 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता

रायपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में उपचार के लिए आर्थिक सहायता की उम्मीद लेकर पहुंचे जरूरतमंदों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और तत्काल मदद उपलब्ध कराई।

मुख्यमंत्री ने आर्थिक कठिनाइयों के कारण उपचार कराने में असमर्थ तीन जरूरतमंदों को कुल 55 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। मुख्यमंत्री की इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को उपचार कराने में राहत मिली है।

जनदर्शन में रायपुर से अपने सात वर्षीय सुपुत्र मोहम्मद आवान के उपचार के लिए सहायता मांगने पहुंचे मोहम्मद आरिफ ने मुख्यमंत्री श्री साय को अपनी आर्थिक परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनका बेटा ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है और उसकी नियमित थेरेपी में प्रतिमाह लगभग 40 हजार रुपये का खर्च आता है। दुर्घटना में चोटिल होने के बाद उनके पास वर्तमान में रोजगार का कोई साधन नहीं है। ऐसे में परिवार की आजीविका चलाने के साथ ही बच्चे की नियमित थेरेपी का खर्च वहन करना उनके लिए बेहद कठिन हो गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने पिता की व्यथा को संवेदनशीलता के साथ सुना और बच्चे की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने आवान के बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस सहायता से आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे परिवार को बच्चे की थेरेपी जारी रखने में मदद मिलेगी।

इसी प्रकार पाटन से जनदर्शन में पहुंचे ज्ञानेश कुमार साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पेट संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं और आर्थिक कठिनाइयों के कारण उपचार कराने में असमर्थ हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनकी समस्या को सुनकर उपचार के लिए तत्काल 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।

रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय श्री नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए भी मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री ने उनकी सुपुत्री सुश्री ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।

जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। आज जनदर्शन में जरूरतमंदों की समस्याओं को सुनकर तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की पहल जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण बनी।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783832 Articles

Share this story