झारखंड के रामगढ़ सड़क हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना
अंबिकापुर, 29 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। अंबिकापुर प्रवास के दौरान उन्होंने घटना पर संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि झारखंड में हुई सड़क दुर्घटना का समाचार दुखद है। हम इस घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को इस गहरे दुख को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने हादसे में घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
उल्लेखनीय है कि रामगढ़ जिले के कुज्जू ओपी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात एक स्कॉर्पियो आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई थी। वाहन में एक ही परिवार के 14 सदस्य सवार थे, जिनमें से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। परिवार के सदस्य एक रिश्तेदार की शिक्षक पद पर नौकरी लगने की खुशी में रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

