प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर टिप्पणी कांग्रेस की संस्कारहीन राजनीति का प्रमाण : मुख्यमंत्री साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी की कड़ी निंदा की
रायपुर 25 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता को लेकर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। मुख्यमंत्री ने रविवार काे कहा कि राजनीतिक हताशा में कांग्रेस अब भाषा की मर्यादा और भारतीय संस्कारों की सीमाएं भी लांघने लगी है।
मुख्यमंत्री साय ने रविवार काे सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते उनके दिवंगत पिता को निशाना बनाना कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच और वैचारिक दिवालियेपन को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति राजनीतिक द्वेष में कांग्रेस जिस स्तर तक उतर रही है, उसे पूरा देश देख रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता कांग्रेस की इस संस्कारहीन और ओछी राजनीति को भली-भांति पहचान चुकी है। जब-जब कांग्रेस ने ऐसी घृणित भाषा अपनाई है, जनता ने उसे करारा जवाब दिया है। इस बार भी जनता ऐसी राजनीति को न भूलेगी, न स्वीकार करेगी और समय आने पर अपने लोकतांत्रिक अधिकार से इसका जवाब देगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनीतिक विरोध की आड़ में इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी कांग्रेस की गिरी हुई सोच और संस्कारहीन राजनीति का खुला प्रमाण है। कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे को अपनी टिप्पणी के लिए देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

