सेवानिवृत्ति प्रकरणों का समय पर करें निराकरण, रिक्त पदों पर भर्ती तेज करें : मुख्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
सेवानिवृत्ति प्रकरणों का समय पर करें निराकरण, रिक्त पदों पर भर्ती तेज करें : मुख्य सचिव


रायपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने सभी विभागों को सेवानिवृत्ति प्रकरणों का कर्मचारी के सेवानिवृत्त होने से पहले ही निराकरण सुनिश्चित करने तथा रिक्त एवं बैकलॉग पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार को मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित सभी विभागों के सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने विभागीय योजनाओं और प्रमुख कार्यों की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक विभाग सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की नियतकालिक सूची तैयार करे, ताकि उनके लंबित प्रकरण समय पर निपटाए जा सकें। उन्होंने सभी विभागों को रिक्त पदों के लिए शीघ्र सेटअप तैयार कर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन तथा ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। बताया गया कि राज्य में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अब तक 728 सेवाएं अधिसूचित की जा चुकी हैं।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आईजीओटी कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर विभागीय आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षण अनिवार्य करने के निर्देश दिए। प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को प्रतिमाह एक से तीन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरे करने होंगे।

उन्होंने आगामी 'रिफॉर्म उत्सव' अभियान के लिए विभागीय सुधार संबंधी नवाचारों का दस्तावेज तैयार करने तथा केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के 'मेरा युवा भारत ' पोर्टल पर 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के स्कूल और कॉलेज विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमख सचिव शहला निगार, वित्त एवं जनसम्पर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, खनिज साधन विभाग एवं मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस.भारतीदासन, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर, श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, परिवहन विभाग के सचिव एस.प्रकाश, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक सहित राज्य शासन के अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story