छत्तीसगढ़ में  12वीं की परीक्षा आज से , रायपुर में सर्वाधिक परीक्षार्थी

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में  12वीं की परीक्षा आज से , रायपुर में सर्वाधिक परीक्षार्थी


रायपुर 20 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) की बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत आज शुक्रवार 20 फरवरी से हो रही है। पहले दिन 12वीं कक्षा की परीक्षा आयोजित की जा रही है, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से प्रारंभ होंगी। प्रदेशभर में परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राएं आज भूगोल और भौतिक शास्त्र का प्रश्नपत्र हल करेंगे। वहीं 10वीं के विद्यार्थी कल हिंदी विषय की परीक्षा देंगे। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रदेश में इस वर्ष कुल 2514 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पिछले साल यह संख्या 2523 थी। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के लिए उड़नदस्ता दल तैनात किए गए हैं।

इस वर्ष 10वीं की परीक्षा में 3,21,489 विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं, जबकि 12वीं में 2,46,098 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। छात्र संख्या के आधार पर राजधानी रायपुर में 10वीं: 27,528 विद्यार्थी और 12वीं: 21,490 विद्यार्थी शीर्ष पर है। वहीं सबसे कम परीक्षार्थी नारायणपुर जिले में 10वीं: 1,547 विद्यार्थी व 12वीं: 1,368 विद्यार्थी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story