भाजपा की बैठक में हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा की रूपरेखा तय

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा की बैठक में हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा की रूपरेखा तय


रायपुर 06 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित एकात्म परिसर कार्यालय में हर घर तिरंगा अभियान एवं तिरंगा यात्रा को लेकर रायपुर शहर और ग्रामीण जिला इकाइयों की संयुक्त बैठक आयोजित की। बैठक में अभियान की तैयारियों, जनसहभागिता और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए हर घर तक तिरंगे का सम्मान पहुंचाना है। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और गली-गली जाकर नागरिकों को तिरंगा वितरित करेंगे तथा अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करेंगे।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान विभिन्न प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा मिलेगा। तिरंगा यात्रा में भारतीय जनता युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन ने बताया कि पार्टी 10 से 14 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर में भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित करेगी। वहीं 11 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनजागरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़ने का संदेश दिया जाएगा।

भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के प्रभावी लोगों को इससे जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का आह्वान किया।

प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को बूथ स्तर तक सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान शुरू हुआ यह अभियान लगातार जारी है और इसके तहत जनजागरण कार्यक्रमों में विभिन्न सामाजिक वर्गों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक की शुरुआत भाजपा रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्याम नारंग ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत कर की। इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, प्रदेश मंत्री अमित साहू, जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, सुरेंद्र पाटनी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story