11 अक्टूबर को होने वाली सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित

WhatsApp Channel Join Now
11 अक्टूबर को होने वाली सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित


रायपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली लिखित भर्ती परीक्षा स्थगित कर दी है। यह फैसला छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 9 अक्टूबर 2026 के आदेश के पालन में लिया गया है।

उच्च न्यायालय में पूर्णतः दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को आरक्षण के दायरे से बाहर रखने को लेकर याचिका दायर की गई थी, जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने भर्ती परीक्षा पर रोक लगा दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 2,292 पदों (ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1,497 पद) पर नियुक्ति होनी है। परीक्षा की नई तारीख अभी जारी नहीं की गई है।

कर्मचारी चयन मंडल की ओर से जारी पत्र के अनुसार, सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 11 अक्टूबर 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की जानी थी। इसके लिए 10 अक्टूबर को परीक्षा की गोपनीय सामग्री के वितरण की प्रक्रिया प्रस्तावित थी।

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय , बिलासपुर में दायर प्रकरण में 9 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के पालनार्थ परीक्षा आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही गोपनीय सामग्री वितरण से संबंधित निर्धारित बैठक भी स्थगित कर दी गई है। व्यापमं ने संबंधित जिलों के नोडल अधिकारियों को पत्र जारी कर इसकी सूचना दी है और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story