छग विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन ,कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
रायपुर 15 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र का आज बुधवार को तीसरा दिन है। आज सदन की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल में विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों पर चर्चा होगी। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अपने-अपने विभागों से संबंधित सवालों के जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। वहीं मंत्री लखनलाल देवांगन और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी अपने विभागों से जुड़े विभिन्न दस्तावेज सदन के पटल पर रखेंगे।
सदन की कार्यवाही में आज दो महत्वपूर्ण ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के कथित शिकार का मामला तथा शासकीय मुद्रणालय में प्रिंटिंग कार्य से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुख रहेगा। विपक्ष इन विषयों पर सरकार से जवाब मांग सकता है।
इसके अलावा विधायक विक्रम उसेंडी गैर-सरकारी सदस्यों के विधेयकों एवं संकल्पों से संबंधित समिति का पहला प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे। विधायक कुंवर सिंह निषाद, सावित्री मंडावी और राघवेंद्र सिंह विभिन्न याचिकाएं सदन के समक्ष रख सकते हैं। साथ ही सरकार की ओर से सात शासकीय विधायी कार्य भी प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। आज की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्तावों और विधायी कार्यों को लेकर सदन में व्यापक चर्चा होने के आसार हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

