(अपडेट) मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान
-खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की पत्रकार वार्ता
रायपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने आज पत्रकार वार्ता में जानकारी दी है कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।इस मिशन का उद्देश्य खेल अधोसंरचना का विस्तार, प्रतिभाओं की पहचान और खेल विज्ञान को बढ़ावा देना है।
नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित पत्रकार वार्ता में आज अरुण साव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों, गतिविधियों, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन मिशन के तहत महिला एथलीटों को विशेष रूप से प्रोत्साहित और सपोर्ट किया जाएगा। एथलीटों के बेहतर प्रदर्शन के लिए स्पोर्ट्स साइंस सेंटर और एथलीट मैनेजमेंट सिस्टम विकसित किए जाएंगे। प्राथमिक स्तर से ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जाएगा।
उन्होंने छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत 57 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान रखा गया है। नवा रायपुर में 67 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल आर्चरी अकादमी की स्थापना की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि राज्य में हॉकी लीग के आयोजन की तैयारी चल रही है। राज्य के खेल अकादमियों में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मुहैया कराने 14 प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए पटियाला भेजा गया है। उन्होंने बताया कि खेल गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए राज्य शासन ने 6 नए जिलों गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सक्ती में खेल अधिकारी के पदों का सृजन किया गया है। विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 44 प्रशिक्षकों, 4 जिला खेल अधिकारियों, 23 सहायक ग्रेड-3 और 8 वार्डन्स की भर्ती प्रक्रियाधीन है।
श्री साव ने बताया कि राज्य में ज्यादा से ज्यादा बच्चे एवं युवा खेल के मैदानों में पहुंचे, इसके लिए सरकार सक्रियता और गंभीरता से काम कर रही है। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के समय केवल 4 करोड़ रुपए के बजट वाले खेल एवं युवा कल्याण विभाग का बजट चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 304 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। पिछले दो वर्षों से बस्तर ओलंपिक के आयोजन के साथ ही इस साल से सरगुजा ओलंपिक भी राज्य में शुरु किया गया है। देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की शानदार मेजबानी ने छत्तीसगढ़ को देश के खेल मानचित्र में प्रतिष्ठित किया है।
पत्रकार वार्ता में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और उप संचालक श्रीमती रश्मि ठाकुर भी मौजूद रहे ।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

