छग विधानसभा : बजट में बिलासपुर, जगदलपुर एवं अंबिकापुर एयरपोर्ट को विकसित करने 80 करोड़ रुपये का प्रावधान

WhatsApp Channel Join Now
छग विधानसभा : बजट में बिलासपुर, जगदलपुर एवं अंबिकापुर एयरपोर्ट को विकसित करने 80 करोड़ रुपये का प्रावधान


रायपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ गठन के बाद से राज्य के बजट में ऐतिहासिक 35 गुना वृद्धि हुई है। छत्तीसगढ़ का बजट 5 हजार करोड़ से 1 लाख 72 हजार करोड़ तक पहुंच गया है। बजट में बिलासपुर, जगदलपुर एवं अंबिकापुर एयरपोर्ट को विकसित करने में राज्य की तरफ से अधोसंरचना में कोई कमी ना रह जाए, इसके लिए 80 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु साय ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि संतुलित विजन से सतत विकास की अप्रतिम यात्रा बढ़ रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,72,000 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट पेश किया गया है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने नवा रायपुर स्थित विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि आज छत्तीसगढ़ में चहुंमुखी विकास हो रहा है और हमारा राज्य आर्थिक गतिविधियों का केन्द्र बनने के साथ-साथ मेडिकल टूरिज्म, ईको टूरिज्म, कॉन्फ्रेंस डेस्टिनेशन तथा वेडिंग डेस्टिनेशन के पसंदीदा स्थान के रूप में उभर रहा है। इन क्षेत्रों के भावी विकास में हवाई सेवाओं की उपलब्धता का बहुत बड़ा योगदान रहेगा ।

क्षेत्रीय आकांक्षाओं को सम्मान देते हुए हम यह प्रयास कर रहे हैं कि बिलासपुर, जगदलपुर एवं अंबिकापुर एयरपोर्ट को विकसित करने में राज्य की तरफ से अधोसंरचना में कोई कमी ना रह जाए, इसके लिए 80 करोड़ का प्रावधान किया गया है। साथ ही कोरबा में भी एयरस्ट्रिप के उन्नयन हेतु बजटीय प्रावधान किया गया है। हमारा प्रयास है कि बिलासपुर, जगदलपुर एवं अंबिकापुर की एयर कनेक्टिविटी और व्यापक हो।

हमारी कोशिश है कि बिलासपुर से नियमित फ्लाईट की संख्या और बढ़े एवं अंबिकापुर से भी अगले वित्तीय वर्ष में नियमित फ्लाईट एवं जगदलपुर से रायपुर के बीच भी फ्लाईट की पुनः शुरूआत हो ।इन प्रयासों को सार्थक करने के लिए हम राज्य सरकार की एक नयी योजना सीजी वायु (छत्तीसगढ़ यात्री उड़ान के लिए व्यवहार्यता सहायता) प्रावधानित कर रहे हैं। योजना अंतर्गत एयरलाईन्स को वायबिलिटी गैप फंडिंग हेतु 30 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story