कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने पूर्व आईएएस अधिकारी बी.के.एस. रे के निधन पर शोक व्यक्त किया

WhatsApp Channel Join Now
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने पूर्व आईएएस अधिकारी बी.के.एस. रे के निधन पर शोक व्यक्त किया


रायपुर 04 जून (हि.स.)। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने पूर्व आईएएस अधिकारी, प्रख्यात प्रशासक एवं 20 से अधिक पुस्तकों के लेखक बीकेएस रे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

नेताम ने कहा कि बीकेएस रे एक कुशल, संवेदनशील एवं दूरदर्शी प्रशासक थे। उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव, ज्ञान और लेखन के माध्यम से समाज तथा शासन-प्रशासन को महत्वपूर्ण दिशा प्रदान की। उनका निधन सार्वजनिक जीवन, प्रशासनिक जगत एवं साहित्य क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

नेताम ने स्मरण किया कि डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में जब वे गृह मंत्री थे, उस दौरान बीकेएस रे उनके साथ गृह सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का अत्यंत दक्षता एवं निष्ठा के साथ निर्वहन कर रहे थे। शासन-प्रशासन के विभिन्न विषयों पर उनकी गहरी समझ और कार्यकुशलता सदैव प्रेरणादायी रहेगी।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में संबल एवं धैर्य प्रदान करें।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के 1972 बैच के वरिष्ठ रिटायर्ड आईएएस अधिकारी बी.के.एस. रे का निधन मंगलवार, 3 जून की देर रात हुआ। वे 77 वर्ष के थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें पिछले महीने रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया था, जहाँ उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story