छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड का हिंदी पेपर रद्द, 10 अप्रैल काे होगी परीक्षा, आदेश जारी
रायपुर , 23 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 12वीं की हिन्दी परीक्षा को रद्द कर दिया है। मंडल की ओर से साेमवार काे जारी आदेश के अनुसार 14 मार्च को आयोजित हिन्दी विषय की परीक्षा अब अमान्य मानी जाएगी। इसे दोबारा 10 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। यानी परीक्षार्थी को एग्जाम दाेबारा देना होगा।
उल्लेखनीय है कि 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया और कुछ समाचार पत्रों में हिन्दी विषय के सेट ‘बी’ का प्रश्नपत्र लीक होने के दावे सामने आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच के लिए साइबर थाने में लिखित सूचना दी गई। सिटी कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज कराई गई। इसके बाद मंडल की परीक्षा समिति की बैठक 23 मार्च को आयोजित की गई, जिसमें जांच के आधार पर परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
मंडल ने जारी आदेश पत्र में पत्र बताया है कि हिन्दी विषय की परीक्षा अब 10 अप्रैल को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। छात्रों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। 9:05 बजे उत्तर पुस्तिका मिलेगी, 9:10 बजे प्रश्नपत्र दिया जाएगा और 9:15 बजे से लिखना शुरू करना होगा। परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी मण्डल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर उपलब्ध है।
मंडल ने छात्रों से कहा है कि वे नई समय-सारणी ध्यान से देखें और उसी के अनुसार तैयारी करें। जरूरत पड़ने पर परीक्षा की तारीख और समय में बिना पहले बताए बदलाव भी किया जा सकता है। अगर परीक्षा के दौरान कोई छुट्टी घोषित होती है, तब भी परीक्षा तय समय पर ही होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

