बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे सीईओ जयंत नाहटा, सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे सीईओ जयंत नाहटा, सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील


धमतरी, 25 सितंबर (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और राहत-बचाव व्यवस्था तेज कर दी है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित ग्राम सारंगपुर और भरारी पहुंचकर जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर हालात की जानकारी ली और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सारंगपुर में निरीक्षण के दौरान उन्होंने नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में रह रहे परिवारों से सतर्क रहने तथा जलस्तर बढ़ने पर जोखिम न लेते हुए तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रशासन पूरी तरह सजग है और जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को संभावित प्रभावित परिवारों की पहचान कर लगातार निगरानी रखने तथा राहत केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बचाव दल और आवश्यक संसाधनों को भी तैयार रखने को कहा गया। इसके बाद भरारी पहुंचकर नाहटा ने नदी और आसपास के क्षेत्रों में जलस्तर का जायजा लिया। नदी किनारे रहने वाले परिवारों को विशेष सावधानी बरतने और जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए समय रहते सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाइश दी। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और जरूरतमंद परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। नाहटा ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीणों से नदी, नाले, पुल-पुलिया और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने तथा प्रशासन की सुरक्षा सलाह का पालन करने की अपील की गई। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत सीईओ वर्षा रानी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story