केंद्र सरकार लोकतंत्र को खत्म कर रही, संविधान काे कुचलने का काम किया : दीपक बैज

WhatsApp Channel Join Now
केंद्र सरकार लोकतंत्र को खत्म कर रही, संविधान काे कुचलने का काम किया : दीपक बैज


रायपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार काे दिल्ली प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतांत्रिक धरना को रोकने के लिए दिल्ली को जेल बना दिया गया है। हर तरफ घेराबंदी है, सभी सड़कों को बंद कर दिया गया है। हर गाड़ी की चेकिंग हो रही है। दरअसल, सरकार डरी हुई है और जब तक ज्ञानेश कुमार और पीएम मोदी का इस्तीफा नहीं मिलता, तब तक प्रदर्शन चलता रहेगा।

दीपक बैज ने मीडिया से चर्चा में भाजपा के कांग्रेस पर संविधान को हाईजैक करने की कोशिश के आरोप पर कहा कि केंद्र सरकार ने लोकतंत्र को खत्म किया। सरकार ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर संविधान को कुचलने का काम किया, इसलिए आज आम जनता सड़क पर प्रदर्शन कर रही है। सरकार में इंसानियत है तो प्रधानमंत्री और ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए।

सरकार की 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गन्ना खरीद की घोषणा पर दीपक बैज ने कहा कि किसानों की स्थिति छत्तीसगढ़ में खराब है। मजदूरों को वेतन नहीं मिल रहा है। यह सिर्फ घोषणा है, अब भी किसानों का कोई भला नहीं होगा। किसानों को ठगने का काम सरकार कर रही है।

वहीं रोजगार मेले को लेकर बैज ने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि करीब 10 हजार नौकरियां दी है। अब तक एक लाख से अधिक पद खाली है। 5 हजार पद भी सरकार नहीं भर पाई है। सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नाम पर झूठ बोल रही है।

वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के दौरे को लेकर बैज ने कहा कि देश में इमरजेंसी के हालात हैं। इस सरकार में रेल व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। पहले दिल्ली से ट्रेनों को चालू करें, फिर छत्तीसगढ़ में नई ट्रेन का उद्घाटन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story