मनरेगा में बदलाव कर रोजगार खत्म करने का षड्यंत्र कर रही केंद्र सरकार : राजेंद्र तिवारी
धमतरी, 10 जनवरी (हि.स.)। केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मनरेगा योजना में बदलाव कर ग्रामीण अंचल में रोजगार खत्म करने षड्यंत्र कर रही। भाजपा भगवान राम के नाम पर एक बार फिर झूठ बोल रही है। वीबी जी राम जी में जो रामजी बता रहे उसमें कहीं भी भगवान राम नहीं है। यह बातें मनरेगा बचाओ संग्राम को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी ने शनिवार को पत्रकरवार्ता में कही।
जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में 10 जनवरी को आयोजित पत्रकरवार्ता में उन्होंने कहा कि मनरेगा कानून में परिवर्तन मोदी सरकार का श्रमिक विरोधी कदम है। मजदूरों के अधिकारों को सीमित करने वाला निर्णय है। कांग्रेस ने लोगों को रोजगार का अधिकार दिया। राजीव गांधी ने पंचायतों को अधिकार दिया। देश के संविधान के अनुकूल जो भी अधिकार आम लोगों को मिल रहे कांग्रेस की देन है। सूचना, शिक्षा, भोजन एवं 18 वर्ष के बाद वोट डालने का अधिकार कांग्रेस ने दिया है। मनरेगा योजना से महात्मा गांधी के नाम को हटाकर योजना का नाम विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी जी राम जी) कर दिया गया है। देश के तत्कालीन गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था।
कर्ज से चल रही प्रदेश सरकारें
जी राम जी योजना में केंद्र का 60 प्रतिशत और राज्य का 40 प्रतिशत योगदान रहेगा। छत्तीसगढ़ सहित देश के अन्य राज्य सरकारों के पास पैसा नहीं है। कर्ज के सहारे प्रदेश सरकारें चल रही हैं। 125 दिन का काम देने के लिए इनके पास पैसा नहीं है। सारा काम ठेकेदारों को देने की तैयारी है। देश का 80 प्रतिशत पैसा तीन से चार लोगों के पास है। ग्राम पंचायतों को कांग्रेस ने अधिकार दिया था। जिसे भाजपा सरकार छीनने का काम कर रही है। केंद्र सरकार के पास पैसा नहीं है। यह योजना ज्यादा दिन नहीं चलेगी। नरेगा योजना में महात्मा गांधी का नाम श्रद्धा और पवित्र भावना के साथ रखा गया था। गांधी गांव-गरीब का उत्थान चाहते थे। हर देश में महात्मा गांधी की प्रतिमा है। भारत के बाद अमेरिका में गांधी की मूर्तियां स्थापति है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक सुनील माहेश्वरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, विधायक सिहावा अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक गुरूमुख सिंह होरा, लेखराम साहू, लक्ष्मी ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, कविता योगेश बाबर, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद लोहाना, मोहन लालवानी, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, आनंद पवार, योगेश शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

