केंद्र और राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी हैं : बंशीलाल गुर्जर

WhatsApp Channel Join Now
केंद्र और राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी हैं : बंशीलाल गुर्जर


किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएंगे ‘किसान मितान’, बूथ स्तर तक संगठन विस्तार की तैयारी

रायपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ भाजपा किसान मोर्चा की ओर से शुरू किए जा रहे ‘किसान मितान’ अभियान को संगठन विस्तार और किसानों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

गुर्जर ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि किसान मितान योजना के तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर 10-10 कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। ये कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर किसानों के बीच काम करेंगे और उनकी वास्तविक समस्याओं तथा खेती-किसानी से जुड़ी चुनौतियों को सरकार तक पहुंचाएंगे, ताकि समय पर उनका समाधान हो सके।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 82 प्रतिशत किसान छोटे किसान हैं और बेहद मेहनत से खेती करते हैं। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का वादा किया था, जिसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता के साथ पूरा कर रही है। राज्य में 3100 से अधिक धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। किसानों की यूनिक आईडी तैयार की गई है, जिससे उन्हें बार-बार पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। डिजिटल सर्वे और बोए गए रकबे के आधार पर धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।

गुर्जर ने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों को आदान सहायता के रूप में तीन वर्षों में लगभग 35 हजार करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। धान की खेती छोड़कर दलहन अथवा अन्य वैकल्पिक फसलों की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।

केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, देश की जीडीपी में कृषि क्षेत्र की हिस्सेदारी पहले लगभग 13.75 से 14 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 17 से 18 प्रतिशत के स्तर तक पहुंच रही है। प्राकृतिक आपदाओं और कृषि जोखिमों से किसानों को सुरक्षा देने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और बेहतर रिस्क मैनेजमेंट व्यवस्था को छत्तीसगढ़ में प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि संकट की हर घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी रही हैं।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों तथा संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में कृषि ऋण पर ब्याज दर को चरणबद्ध तरीके से 16 प्रतिशत से घटाकर शून्य प्रतिशत किया गया था। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। ‘किसान मितान’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को गांव, खलिहान और प्रत्येक किसान तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इसके जरिए किसानों की नीतिगत समस्याओं को संगठन के माध्यम से सरकार और संबंधित मंचों तक पहुंचाकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की पहल होगी।

उन्होंने बताया कि भाजपा किसान मोर्चा मंडल स्तर पर संगठन के गठन के बाद अब मतदान केंद्र यानी बूथ स्तर तक विस्तार करने में जुटा है।

पत्रकार वार्ता में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. शंभू, छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव, पूर्व विधायक एवं किसान मोर्चा ओडिशा प्रभारी पिंकी शिवराज शाह तथा छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के प्रभारी पूनम चंद्राकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story