ईद पर सेवईं की खुशबू महकी, गले मिलकर दी मुबारकबाद

WhatsApp Channel Join Now
ईद पर सेवईं की खुशबू महकी, गले मिलकर दी मुबारकबाद


ईद पर सेवईं की खुशबू महकी, गले मिलकर दी मुबारकबाद


आपसी एकता और भाईचारे के साथ मना ईद उल फितर का पर्व

धमतरी, 21 मार्च (हि.स.)। रमजान में पूरे 30 दिन रोजे रखकर अल्लाह की इबादत करने के बाद शनिवार को मुस्लिम समाज ने ईद उल फितर का पर्व खुलूस और मोहब्बत के साथ मनाया। सुबह 10.30 बजे ईदगाह में नमाज अदा की गई, जिसमे एक साथ हजारों लोगो ने देश मे अमन चैन की दुआ के लिए हाथ उठाया। मुस्लिम समाज के लोग इस्लामी लिबाज में सज-धजकर पहुंचे थे, वहीं बच्चे रंग बिरंगे परिधान में नजर आए।

नमाज के पहले ही सभी ने फितरा व जकात अदा किया। तकरीर में जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना मिस्बाही रजा ने फरमाया कि ईद का पर्व आपस में बांटकर खुशियां मनाने का है, हर साहिबे निसाब पर जकात का फर्ज है। अपने माल में से ढाई प्रतिशत रकम निकालकर उसे पैसे से गरीब, जरूरतमन्दों की मदद हर हाल में करना चाहिए। ईद पर माहौल ऐसा होना चाहिए कि सभी के चेहरों पर खुशियां नजर आए, ऐसा नहीं कि हम सिर्फ अपने व अपने बच्चों का ख्याल रखे, बल्कि गरीब व जरूरतमन्दों की मदद के लिए भी हाथ आगे बढ़ाना चाहिए। खासकर यतीम बच्चों का ख्याल रखना चाहिए। अगर कोई यतीम बच्चों के सिर पर प्यार से हाथ भी फेरे तो यह अमल प्यारे आका को बहुत पसंद है।

मिस्बाही रजा ने आगे फरमाया कि, इस्लाम धर्म ने हमेशा मोहब्बत का पैगाम दिया है। मुसलमान को हमेशा दूसरे लोगो के साथ अच्छा सुलूक करना चाहिए, ईमानदारी, सच्चाई की राह, अच्छा अखलाक यह मुसलमान की पहचान होना चाहिए। अल्लाह के बताए नेक राह पर चलकर ही हम अपनी मंजिल को हासिल कर सकते है। तकरीर के बाद उन्होंने दो रकात नमाज ईद उल फितर की अदा कराई, पश्चात दुआ हुई। हाजी हारून उस्मान व अख्तर रजा लक्की ने सलातो सलाम पढ़ा। फिर सभी ने कब्रस्तान पहुंचकर मरहुमीन को इसाले सवाब किया व दुआएं की। वहीं घर आने वाले मेहमानों का मीठी सेंवई से मुंह मीठा कराया गया, जिससे सेंवई की खुशबू महकी।

इस अवसर पर अंजुमन कमेटी के सदर शेख मोबिन राजू, हाजी नसीम अहमद, अशफाक अली हाशमी, डॉ कदीर, डॉ नसीम, शमीम वकील, हाजी शरीफ रोकड़िया, हाजी सलाम खत्री, हाजी बशीर अहमद, हाजी दिलावर रोकड़िया, इकबाल खोकर, अवैश हाशमी, हाजी अब्दुल जब्बार खिलची, अब्दुल रज्जाक रिजवी, मो शाह अहमद, हाजी नजीर अहमद सिद्दीकी, इकबाल बुरहान, असलम अशरफी, हाजी अमीन, सलीम रोकड़िया, गोलू रोकड़िया, जावेद राजा, निजाम गौस, सज्जाद बेलिम, रजा खत्री, अशरफ खत्री, वसीम कुरैशी, इमरान मेमन, शकील अहमद, नवाब खान, हाजी अय्यूब निर्बान, सलीम गोड़, हाजी मैनुद्दीन खिलची, शमशाद अशरफी, तनवीर कुरैशी, इरफान मेमन, वसीम खिलची, यूनुस खिलची, रेहान वीरानी, रिजवान कुछावा आदि मौजूद थे।

कांग्रेसियों ने ईद-उल-फितर के अवसर पर ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए देश में अमन-चैन कायम रहने की दुआ मांगी। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गले मिलकर मुस्लिम भाइयों को ईद की मुबारकबाद दीं। इस दौरान विधायक ओंकार साहू ने कहा कि ईद पर धमतरी की फिजा में न सिर्फ सेंवई की महक बल्कि आपसी प्रेम और भाईचारे की खुशबू भी बिखरती है।

ईद के मुबारक मौके पर शनिवार को शहर में भाईचारे और सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। ईदगाह मैदान के बाहर महापौर रामू रोहरा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को दिली मुबारकबाद दी। नमाज़ अदा करने के बाद जैसे ही लोग ईदगाह से बाहर निकले, महापौर ने सभी से गले मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और प्रेम व एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर माहौल पूरी तरह उत्साह और अपनत्व से भरा नजर आया।

इस अवसर पर शहर भाजपा महामंत्री राजीव चंद्राकर,पार्षदअज्जू देशलहरे मेघराज ठाकुर, तल्लीन पूरी गोस्वामी, संतोष सोनकर, संजय देवांगन , चंद्रकला पटेल, महेन्द्र खंडेलवाल,के दौरान भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से मिलकर उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश साफ तौर पर झलकता रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story