जांजगीर-चांपा में मवेशी तस्करी का भंडाफोड़, पांच आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 03 मई (हि. स.)। जिले के शिवरीनारायण पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 15 भैंस, जिनकी अनुमानित कीमत 2.25 लाख रुपये है, तथा तस्करी में प्रयुक्त 3 पिकअप वाहन, जिनकी कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है काे जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 मई 2026 की सुबह करीब 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि तीन पिकअप वाहनों में मवेशियों को अवैध रूप से ओडिशा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए शिवरीनारायण पुलिस ने राघव इन होटल के सामने मेन रोड पर घेराबंदी कर पिकअप वाहनों को रोका। जांच के दौरान पाया गया कि प्रत्येक पिकअप में 5-5 भैंसों को ठूंस-ठूंस कर और रस्सियों से बांधकर क्रूरता पूर्वक ले जाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपितों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में मुकेश ऐडजा (26 वर्ष), राजेश मांझी (26 वर्ष), निरंजन कोलारी (25 वर्ष), रूपेश कुमार (20 वर्ष) और प्रकाश राणा (32 वर्ष) शामिल हैं, जो ओडिशा के बरगढ़ जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

