कोरबा : नाबालिग से छेड़छाड़ व लूट का मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : नाबालिग से छेड़छाड़ व लूट का मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी


कोरबा, 20 जून (हि. स.)। जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहड़िया इलाके में एक नाबालिग बालिका से छेड़छाड़, मारपीट और नकदी लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान एक व्यक्ति और आरोपित के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान मौके पर पहुंची नाबालिग बालिका के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ और मारपीट की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उसके बैग में रखी नकदी भी ले ली गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता सहित संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। इसके बाद आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कराते हुए मामले की जांच प्रारंभ की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आज शनिवार काे आरोपित के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपित फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है तथा जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story