महासमुंद में तेज रफ़्तार कार ट्रक से टकराई, दो महिलाओं की मौत, तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
महासमुंद में तेज रफ़्तार कार ट्रक से टकराई, दो महिलाओं की मौत, तीन घायल


महासमुंद, 23 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्रांतर्गत बावनकेरा में नेशनल हाइवे 53 पर शुक्रवार सुबह ओडिशा के संबलपुर से आ रही कार 16 चक्का ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भयानक था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना में कार के परखच्चे उड़ गए, मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। प्रारंभिक तौर पर सभी राजनांदगांव जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कार में घटना के वक्त 5 लोग सवार थे। वह ओडिशा के संबलपुर में शादी में शामिल होने के लिए गए थे। पुलिस घटना के संबंध में जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर बावनकेरा चौक पर तेज रफ्तार कार 16 चक्का ट्रक से जा टकराई। ट्रक से टकराने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने वाहन में मौजूद लोगों को बाहर निकाला। सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव लाया गया। डॉक्टरों ने दो महिलाओं काे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच और मृतकों की पहचान करने के लिए पुलिस जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765361 Articles

Share this story