खड़े खराब ट्रक से टकराई कार, पांच युवक घायल, तीन गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
खड़े खराब ट्रक से टकराई कार, पांच युवक घायल, तीन गंभीर


कांकेर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्ग पर आज शुक्रवार देर शाम काे घोड़ा पत्थर के पास सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवकों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार सवार सभी युवक ग्राम केवटी से भानुप्रतापपुर की ओर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी एक ही परिवार के हैं। घोड़ा पत्थर के पास पहुंचने पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांचों युवक घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानुप्रतापपुर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। तीन युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक पिछले छह दिनों से सड़क किनारे खराब हालत में खड़ा था। ऐसे में मौके पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर या अन्य सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात सामने आई है। घायल युवकों में से एक के अनुसार सामने से आ रहे वाहन की तेज हेडलाइट के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार उससे टकरा गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story