1076 परीक्षार्थियों ने दी नीट परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
1076 परीक्षार्थियों ने दी नीट परीक्षा


कड़ी सुरक्षा के बीच हुई नीट परीक्षा

धमतरी, 03 मई (हि.स.)। देशभर में मेडिकल शिक्षा में प्रवेश के लिए आयोजित नीट (नेशनल इंस्टीटयूट आफ इनफार्मेशन टेक्नोलाजी) परीक्षा के तहत जिले के चार केंद्रों पर रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा संपन्न हुई। डाक्टर बनने का सपना संजोए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इसमें शामिल हुए। प्रवेश से लेकर परीक्षा कक्ष तक नियमों का पूरी तरह पालन कराया गया। परीक्षार्थियों ने बताया कि भौतिकी सेक्शन के प्रश्न कठिन आए थे। पंजीकृत कुल 1115 परीक्षार्थियों में से 1076 उपस्थित रहे, जबकि 39 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा जिले के चारों परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच नीट परीक्षा आयोजित की गई। डाक्टर बनने का लक्ष्य लेकर चलने वाले विद्यार्थियों के लिए नीट प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस, बीएचएमएस, बीयूएमएस और बीएससी नर्सिंग जैसे पाठयक्रमों में प्रवेश का अवसर मिलता है। परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थियों की तीन स्तरों पर जांच की गई। पहले गेट पर स्थानीय पुलिस और केंद्र में तैनात कर्मचारियों ने जांच की। कुछ परीक्षार्थी पहचान पत्र की मूल प्रति नहीं लाए थे जिन्हें मूल दस्तावेज लाने के बाद ही प्रवेश दिया गया। महिला परीक्षार्थियों को गले, नाक और कान के आभूषण एवं हाथ में बंधे कलावे हटाने के बाद प्रवेश मिला। वहीं पुरुष परीक्षार्थियों से भी चेन, ताबीज और बेल्ट उतरवाए गए। इसके साथ ही कैलकुलेटर, मोबाइल, घड़ी सहित इलेक्ट्रानिक सामान की जांच की गई। दूसरे स्तर पर एनटीए की टीम ने मेटल डिटेक्टर से जांच की। तीसरे और अंतिम चरण में प्रवेश पत्र व पहचान पत्र का मिलान किया गया। इसके बाद बायोमैट्रिक सत्यापन, रजिस्ट्रेशन और प्रवेश पत्र पर मुहर लगाने के उपरांत परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। दोपहर डेढ़ बजे के बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक संपन्न हुई। गर्मी के मद्देनजर केंद्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद थी। नीट परीक्षा के जिला नोडल अधिकारी मनोज विद्यार्थी ने बताया कि चारों परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई। कुल पंजीकृत परीक्षार्थी 1115 थे। जिसमें बीसीएस पीजी कालेज धमतरी में 480 में 459 उपस्थित और 21 अनुपस्थित थे। परीक्षा केंद्र बीआरपी पालिटेक्निक रुद्री में पंजीकृत 155 में 150 उपस्थित और पांच अनुपस्थित थे। वहीं एनआरएम शासकीय कन्या महाविद्यालय में पंजीकृत 240 में 235 उपस्थित और पांच अनुपस्थित रहे। शिव सिंह वर्मा स्कूल में पंजीकृत 240 में 232 उपस्थित और आठ अनुपस्थित थे। जानकारी के अनुसार नीट परीक्षा में कुल 180 प्रश्न 720 अंकों के थे। इसमें भौतिकी और रसायन के 45-45 प्रश्न तथा जीव विज्ञान के 90 प्रश्न पूछे गए थे। प्रत्येक प्रश्न चार अंक का था वहीं प्रत्येक गलत उत्तर पर एक अंक काटा जाएगा। परीक्षार्थियों ने बताया कि भौतिकी के प्रश्न कठिन आए थे। हल करने में समय लग रहा था। जीव विज्ञान के प्रश्न आसान लगे। प्रश्न पत्र मध्यम स्तर का था। भौतिकी और रसायन विज्ञान के प्रश्नों को हल करने में समय लग रहा था। सिलेबस से प्रश्न पूछे गए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story