भखारा में 106 लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग, 46 युवतियों का एचपीवी टीकाकरण

WhatsApp Channel Join Now
भखारा में 106 लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग, 46 युवतियों का एचपीवी टीकाकरण


भखारा में 106 लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग, 46 युवतियों का एचपीवी टीकाकरण


धमतरी, 13 मई (हि.स.)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा में बुधवार को एमएमआई नारायणा हेल्थ रायपुर के सहयोग से निश्शुल्क कैंसर जांच शिविर एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत एचपीवी टीकाकरण अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

कैंसर जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक आन्कोलाजी सर्जन डा. भरत भूषण एवं रेडिएशन आन्कोलाजिस्ट डा. अवधेश भारत ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में कुल 106 लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग की गई। वहीं विशेष मैमोग्राम मशीन से 90 महिलाओं का परीक्षण किया गया। महिलाओं के स्तन, सर्वाइकल, मुंह, गला एवं फेफड़ा कैंसर से संबंधित जांच की गई। उपस्थित चिकित्सकों ने लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों के प्रति जागरूक करते हुए समय पर जांच और उपचार कराने की सलाह दी। उन्होंने शरीर में गांठ, लगातार घाव, कमजोरी और बिना कारण वजन कम होने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की। इस दौरान आयोजित एचपीवी टीकाकरण अभियान में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों की युवतियों ने भाग लिया। शाम तक चले इस अभियान में 46 युवतियों का एचपीवी टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी है।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने दोनों शिविर की सराहना करते हुए लोगो के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर युवतियों को टीकाकरण प्रमाण पत्र वितरित कर लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर टीकाकरण कराने की अपील की। इस अवसर पर बीएमओ डा. हेमराज देवांगन, सीएमओ हरिकृष्ण पावरिया, डा. गौरव बंगानी, सभापति हितेंद्र साहू, छबिलाल निर्मलकर, नेता प्रतिपक्ष अविनाश गौर बिट्टू, भूपेश्वरी चंदेल, गौतमी पटेल, झम्मन साहू, भूपेंद्र यादव, परदेसी कंवर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं नगर के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story