एनएमडीसी के खिलाफ युवा बेरोजगार संघ के बैनर तले रोजगार के लिए खोला मोर्चा

WhatsApp Channel Join Now
एनएमडीसी के खिलाफ युवा बेरोजगार संघ के बैनर तले रोजगार के लिए खोला मोर्चा


दंतेवाड़ा, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले के बचेली एवं किरंदुल परियोजनाओं में एनएमडीसी की एल-1-एल-2 भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग काे लेकर शनिवार को स्थानीय युवा बेरोजगार संघ के दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के सैकड़ाे बेरोजगार युवा किरंदुल और बचेली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। एनएमडीसी चेकपोस्ट के पास स्थानीय युवाओं और पुलिस-प्रशासन के बीच जमकर बहस का माहौल बन गया। हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे स्थानीय युवाओं ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की थी कि, उन्हें पुराने एनएमडीसी चेकपोस्ट तक जाने दिया जाए।

हालांकि, एनएमडीसी के अधिकारियों और प्रशासन की ओर से युवाओं को यह कहकर रोक दिया गया कि अब इसी जगह ( नया चेकपोस्ट घोषित कर दिया गया है। आगे जाने से रोके जाने पर नाराज प्रदर्शनकारी उसी चौक पर धरने पर बैठ गए। मौके पर मौजूद एसडीएम और पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की सलाह देते नजर आए। जिला प्रशासन पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पांच गेट पर बेरिकेड्स लगाए गए हैं, चप्पे-चप्पे पर पुलिस और डीआरजी महिला फाइटर के जवानों को तैनात किया गया है ताकि अप्रिय स्थिति ना बने।

स्थानीय युवा बेरोजगार संघ ने अपनी मांगों को स्पष्ट करते हुए कहा है कि जब तक स्थानीय युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा । प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांग स्थानीय युवाओं को रोजगार में उचित अवसर और प्राथमिकता देने की है। उनका कहना है कि वे भीख नहीं मांग रहे, बल्कि अपने ही जिले के संसाधनों से जुड़े रोजगार में अपना जायज हक मांग रहे हैं । युवाओं का कहना है कि एनएमडीसी एक सार्वजनिक क्षेत्र की सरकारी कंपनी है। ऐसे में स्थानीय क्षेत्र के विकास, रोजगार सृजन और प्रभावित क्षेत्र के युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी उससे अपेक्षित है। रोजगार की मांग उठाना कोई अपराध नहीं है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना और अधिकारों के लिए आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।

स्थानीय प्रदर्शनकारी रवि नाग का कहना है कि हम भीख नहीं मांग रहे, अपने हक की मांग कर रहे हैं। हमारी धरती के खनिज से देश को लाभ मिल रहा है, तो हमारे जिले के युवाओं को भी रोजगार में उचित अधिकार मिलना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story