हटकेशर में अवैध प्लॉटिंग पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, सड़कें ध्वस्त, सामग्री जब्त

WhatsApp Channel Join Now
हटकेशर में अवैध प्लॉटिंग पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, सड़कें ध्वस्त, सामग्री जब्त


हटकेशर में अवैध प्लॉटिंग पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, सड़कें ध्वस्त, सामग्री जब्त


धमतरी, 28 मार्च (हि.स.)। जिले में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ने शनिवार को हटकेश्वर क्षेत्र में बड़ा रूप ले लिया, जब प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनी विकास पर बुलडोजर चला दिया। राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई गई सड़कों को ध्वस्त किया और निर्माण में उपयोग की गई सामग्री जब्त कर ली।

कलेक्टर के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में जांच के दौरान सामने आया कि तुषार राजपुरिया, संजय दास और समीर कुकरेजा द्वारा ग्राम हटकेश्वर स्थित कृषि भूमि (खसरा नंबर 126/1, 126/2 और 126/3) पर बिना डायवर्सन कराए मुरूम डालकर भूमि का स्वरूप बदला जा रहा था और अवैध विकास कार्य किए जा रहे थे।

इसी तरह ओजस सिन्हा द्वारा खसरा नंबर 774 और 775 की भूमि पर बिना टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से ले-आउट स्वीकृति लिए सड़क निर्माण कर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। वहीं सीमा हरदेल द्वारा खसरा नंबर 77 पर भी इसी तरह के अवैध कार्य किए जाने पर कार्रवाई की गई। प्रशासन ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों को पहले ही नोटिस जारी कर कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेशों की अनदेखी करने पर यह कड़ी कार्रवाई करनी पड़ी। टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध मार्गों को ध्वस्त किया और मौके से मुरूम सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संबंधित लोगों को बिना अनुमति किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग न करने की सख्त चेतावनी दी। पूरे अभियान में राजस्व विभाग और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया गया। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले सभी जरूरी दस्तावेजों और अनुमतियों की अच्छी तरह जांच कर लें। बिना अनुमति किए गए भू-विकास कार्य भविष्य में कानूनी परेशानी का कारण बन सकते हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story