दंतेवाड़ा में 15 से 17 अक्टूबर तक दिव्यांग सहायता शिविर, बीजापुर के 198 हितग्राहियों को मिलेंगे कृत्रिम अंग
बीजापुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देशन और मार्गदर्शन में जिले के दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी गई है। 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा में दिव्यांग सहायता शिविर आयोजित किया जाएगा। बीजापुर जिले से 198 दिव्यांग हितग्राहियों का चयन विभिन्न कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों के लिए किया गया है। जयपुर की प्रख्यात एनजीओ संस्था महावीर के द्वारा नि: शुल्क लगाया जाएगा।
बीजापुर अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि जिले में कुल 2734 दिव्यांगजन पंजीकृत हैं। इनमें से 1542 दिव्यांगजन पूर्व में सहायक उपकरण प्राप्त कर चुके हैं, जबकि दंतेवाड़ा शिविर के लिए 198 हितग्राहियों का चयन किया गया है। 15 अक्टूबर तक नए नाम जोड़ने के लिए चारों जनपदों के अलावा समाज कल्याण विभाग में संपर्क किया जा सकता है। दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर में 03 जिले बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा के दिव्यांगों को कृत्रिम अंग लगाए जाएंगे।
उन्हाेने बताया कि शिविर में बीजापुर जनपद से 100, भैरमगढ़ से 22, भोपालपटनम से 33 और उसूर जनपद से 43, कुल 198 दिव्यांग हितग्राही शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक चयनित हितग्राहियों के लिए 32 कृत्रिम हाथ, 39 कृत्रिम पैर और 86 ट्राईसाइकिल सहित बैसाखी, श्रवण यंत्र, छड़ी, कैलिपर्स, वॉकर, बैलेंसिंग स्टिक और व्हील चेयर जैसे सहायक उपकरण प्रस्तावित हैं।
बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बीजापुर, उसूर, भोपालपटनम और भैरमगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को संबंधित दिव्यांग हितग्राहियों को दंतेवाड़ा शिविर स्थल तक समुचित वाहन व्यवस्था के साथ पहुंचाने तथा शिविर के बाद उन्हें वापस लाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे को नोडल बनाया गया है, सहायक नोडल के रूप में उप संचालक समाज कल्याण है।
बताया गया है कि शिविर में उपस्थित होकर पात्र दिव्यांग हितग्राहियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। जिला स्तर पर शिविर के समन्वय और आवश्यक कार्रवाई की जिम्मेदारी समाज कल्याण विभाग को दी गई है। बीजापुर जिले के दिव्यांगों के लिए पहली बार कृत्रिम अंग लगाए जाने का शिविर आयोजन किया जा रहा है। दंतेवाड़ा में रहने खाने की नि: शुल्क व्यवस्था किया गया है। 03 दिनों में अलग-अलग जिले के दिव्यांगों का अंग लगाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

