धमतरी में सीएएफ जवान ने घर में लगाई फांसी, परिवार में पसरा मातम

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी में सीएएफ जवान ने घर में लगाई फांसी, परिवार में पसरा मातम


धमतरी, 11 मई (हि.स.)। शहर की सपना पिंक सिटी कॉलोनी में रविवार देर शाम एक सीएएफ (छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स) जवान द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पाेस्टमार्टम उपरांत आज साेमवार काे शव परिजनाें काे साैप दिया गया है।

मृतक की पहचान जागेश्वर प्रसाद ठाकुर (35) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह रायपुर में पदस्थ थे और हाल ही में चुनाव ड्यूटी के सिलसिले में पश्चिम बंगाल गए हुए थे। ड्यूटी से लौटने के बाद वे पांच दिन की छुट्टी पर अपने गृह नगर धमतरी आए थे। इसी दौरान उन्होंने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि जागेश्वर प्रसाद ठाकुर पिछले नौ वर्षों से सपना पिंक सिटी कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे थे। उनके तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों के अनुसार रविवार शाम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद पत्नी घर से निकलकर थाने चली गई थी। इसी बीच परिवार के लोगों को स्थिति की जानकारी मिली। छोटे भाई त्रिभुवन ठाकुर ने जब जागेश्वर को फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका होने पर परिजन घर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला। पीछे की ओर से देखने पर जागेश्वर फांसी के फंदे पर लटके हुए दिखाई दिए। घटना की सूचना मिलते ही वरदान परामर्श सेवा समिति के शिवा प्रधान मौके पर पहुंचे और तत्काल मदद करते हुए शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आज पाेस्टमार्टम उपरांत शव परिजनाें काे साैप दिया गया। पुलिस के अनुसार आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story