सीएससी मगरलोड में सफलतापूर्वक किया गया सिजेरियन प्रसव

धमतरी, 4 अप्रैल (हि.स.)।धमतरी जिले के मगरलोड ब्लाक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड में पदस्थ गायनेकोलाजिस्ट डा महेश शर्मा व टीम ने चार अप्रैल को पूर्व नियोजित एक सिजेरियन प्रसव सफलतापूर्वक किया। इस उपलब्धि पर डा महेश शर्मा ने सभी स्टाफ का उत्साह बढ़ाया।
खंड चिकित्सा अधिकारी डा शारदा ठाकुर ने बताया विगत वर्ष विकासखंड मगरलोड में करीब 1916 प्रसव हुआ, जिसमें से 37 प्रतिशत जोखिम 739 गर्भवती माताओं का प्रसव संदर्भन पश्चात जिला अस्पताल एवं निजी अस्पतालों में सिजेरियन से हुआ है। अब सिजेरियन प्रसव का लाभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड में भी मिलेगा। इसी के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड में चिन्हांकित जोखिम गर्भवती माता सीमा साहू पति धर्मेंद्र कुमार साहू उम्र 28 वर्ष ग्राम नवागांव का निवासी है। वह अपना द्वितीय गर्भधारण प्रसव पूर्व देखभाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड में करा रही थी। जिनके पेट में बड़ा बच्चा होने के कारण (सीपीडी) तथा बच्चे के गर्दन पर नाल फंसा हुआ था, इससे सामान्य प्रसव कराने के दौरान नवजात शिशु का दम घुटने की आशंका बनी रहती है। महिला की एचबी लेवल 10.8 ग्राम था, इस कारण सिजेरियन प्रसव कराने का निर्णय लिया गया था। जिसकी सफलतापूर्वक सुबह 9:53 बजे आपरेशन कर प्रसव संपादित किया गया, जहां 3.3 किलोग्राम की स्वस्थ द्वितीय पुत्री रत्न की प्राप्ति हुई। जच्चा एवं बच्चा दोनों स्वस्थ है।
सिजेरियन प्रसव पश्चात एक सामान्य प्रसव धनेश्वरी साहू ग्राम कोरगाव से हुई, जिसे प्रथम पुत्र रत्न 2.5 ग्राम का स्वस्थ बच्चा प्राप्त हुआ। डा यू एल कौशिक ने बताया विकासखंड मगरलोड के जोखिम गर्भवती महिलाओं के लिए सिजेरियन प्रसव की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है ताकि उन्हें निजी अस्पतालों में बड़े खर्च करके अपना प्रसव न कराना पड़े। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड में यह सेवा निश्शुल्क रहेगी। जनसमूह को ज्यादा से ज्यादा प्रचार करने के लिए अपील किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन धमतरी से जिला कार्यक्रम प्रबंधक डा प्रिया कंवर तथा सीपीएम अनामिका विश्वास भी उपस्थित रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड में आयुष्मान वय वंदना कार्ड का जायजा लिया गया तथा नवीन पोषण पुनर्वास केंद्र का भ्रमण किया गया। आवश्यक प्रबंधन में डा शारदा ठाकुर, बीपीएम मनोज पटेल, स्टाफ नर्स नीता सोनबेर , महिमा प्रसनों, गीतेश, अंजु, प्रवीन का विशेष योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा