जिंदल प्लांट में हादसा : गर्म पानी से झुलसा ठेका श्रमिक, एयरलिफ्ट कर भिलाई भेजा गया

WhatsApp Channel Join Now
जिंदल प्लांट में हादसा : गर्म पानी से झुलसा ठेका श्रमिक, एयरलिफ्ट कर भिलाई भेजा गया


रायगढ़, 10 सितंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पतरापाली स्थित जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड (जेएसपीएल) के एसएमएस-2 में बुधवार देर शाम एक हादसे में ठेका श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद श्रमिक को तत्काल जिंदल फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसे उच्च उपचार के लिए भिलाई रेफर किया, जिसके बाद एयरलिफ्टिंग के जरिए उसे भिलाई भेजा गया।

मिली जानकारी के अनुसार एसएमएस-2 के फ्लेग पार्ट केरियर में शाम करीब 6:30 बजे हादसा हुआ। इस दौरान वहां कार्यरत ठेका श्रमिक सोहन साहू (45 वर्ष), निवासी जांजगीर जिला, गर्म पानी की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया।

हादसे के बाद प्लांट में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों ने तत्काल घायल श्रमिक को जिंदल फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों की सलाह पर उसे आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद सोहन साहू को एयरलिफ्टिंग के माध्यम से भिलाई के अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे की परिस्थितियों और घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story