पुल चोरी मामले के आरोपित बरबट्टी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, परिवार के हंगामे के बीच कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
पुल चोरी मामले के आरोपित बरबट्टी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, परिवार के हंगामे के बीच कार्रवाई


काेरबा 21 मई (हि.स.)। शहर में चर्चित पुल चोरी मामले के आरोपित और कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी के अवैध निर्माण पर आज गुरुवार को नगर निगम और जिला प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दो मंजिला अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की गई। इस दौरान मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही और परिवार के लोगों ने विरोध जताते हुए हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार कार्रवाई के समय मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी शहर में मौजूद नहीं था। प्रशासनिक टीम के पहुंचने पर उसके परिवार के सदस्य और समर्थक विरोध में उतर आए। महिलाओं समेत परिजनों ने कार्रवाई रोकने की कोशिश की, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई जारी रखी।

नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम सुबह भारी सुरक्षा व्यवस्था के साथ मौके पर पहुंची थी। करीब 150 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक कार्रवाई को रोकने के लिए घर के बाहर कई वाहनों को खड़ा कर रास्ता बाधित करने का प्रयास किया गया था, लेकिन पुलिस और निगम अमले ने रास्ता खाली कराते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी।

मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी का नाम शहर में हुए चर्चित पुल चोरी मामले के बाद सुर्खियों में आया था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज बताए जाते हैं।

प्रशासन का कहना है कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध कब्जा कर गोदाम और कबाड़ दुकानें संचालित किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।

इससे पहले भी राताखार, मुड़ापार और कोरकोमा रोड स्थित उसकी कबाड़ दुकानों और गोदामों पर प्रशासन कार्रवाई कर चुका है। कई स्थानों को सील करने के साथ अवैध कब्जों को हटाया गया था।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय मौके पर मौजूद रहे। वहीं पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने भी पूरे अभियान की निगरानी की और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि संबंधित निर्माण को लेकर पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। जांच में निर्माण अवैध पाए जाने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध कब्जे और नियम विरुद्ध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story