रक्षाबंधन पर सजी भाइयों की कलाई, बहनों ने मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
रक्षाबंधन पर सजी भाइयों की कलाई, बहनों ने मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद


रक्षाबंधन पर सजी भाइयों की कलाई, बहनों ने मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद


रक्षाबंधन पर सजी भाइयों की कलाई, बहनों ने मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद


धमतरी, 28 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को धमतरी जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पूजा-अर्चना के बाद बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।

रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही राखी बांधने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा। कई बहनें दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले अपने भाइयों के घर पहुंचीं और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। बहनों ने पूजा की थाल सजाकर उसमें रोली, गुलाल, अक्षत, दीपक और मिठाई रखी। इसके बाद भाइयों का तिलक कर आरती उतारी और कलाई पर राखी बांधकर श्रीफल व मिठाई भेंट की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपने स्नेह का इजहार किया।

पर्व को लेकर धमतरी शहर के बाजारों में भी दिनभर रौनक बनी रही। राखी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ नजर आई। पुराना बस स्टैंड, सदर बाजार, कचहरी चौक, सिहावा चौक, रत्नाबांधा चौक, रुद्री रोड सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई दुकानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ी रही। बाहर से आने-जाने वाली बहनों के कारण बस स्टैंड में भी काफी भीड़ रही। सुबह से लेकर देर शाम तक बसों और अन्य यात्री वाहनों में बहनों के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा।

जिला जेल में भी भावुक हुआ रक्षाबंधन का पर्व

धमतरी जिला जेल में निरुद्ध विचाराधीन बंदियों को राखी बांधने के लिए उनकी बहनें पहुंचीं। जेल प्रशासन से निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति लेने के बाद बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। लंबे समय बाद भाई-बहन के इस भावनात्मक मिलन के दौरान कई भाई-बहन भावुक हो उठे और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। जेल परिसर में रक्षाबंधन का पर्व गरिमापूर्वक मनाया गया। इस दौरान भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता और भावनाओं ने माहौल को भावुक कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story