रायपुर : पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव समेत 500 से ज्यादा कार्यकर्ता गिरफ्तार



रायपुर, 15 मार्च (हि.स.)। भाजपा ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने के विरोध में बड़ा एवं जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए विधानसभा का घेराव किया।पुलिस ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव समेत 500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। सभी को बस में बिठाकर पुलिस ले गई।

घेराव के पहले एक सभा को भाजपा के बड़े नेताओ ने सम्बोधित किया। सभा के बाद कार्यकर्ता विधानसभा घेरने निकल गए। घेराव शुरू होने से पहले ही भारतीय जनता युवा मोर्चा ने दो किलोमीटर पहले सड़क पर लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी थी। इसके बाद कार्यकर्ताओं की भीड़ पहुंची। लगभग दो घंटे तक जबरदस्त हंगामा चलता रहा। कार्यकर्ताओं की भीड़ विधानसभा परिसर के नजदीक (जीरो पॉइंट) तक पहुंच गई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर रस्सा कसी हुई। पुलिस भाजपाइयों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन की अपील करती रही लेकिन उनपर इसका कोई असर नजर नहीं आया। पुलिस भीड़ को रोकने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाती रही, लेकिन कार्यकर्ता बेरिकेड्स को लांघकर आगे बढ़ गए। पुलिस ने वाटर केनन चलाई, भीड़ के सामने स्मोक बम फेंके। सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिस के जवानों के धक्कामुक्की करने पर पूर्व मंत्री राजेश मूणत और कार्यकर्ता भड़क उठे। पुलिस बल और कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।बाद में विधानसभा घेराव के लिए निकले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा समेत 500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। सभी को बस में बिठाकर पुलिस ले गई।

हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story