पीएम आवास योजना के नाम पर मांगी रिश्वत तो होगी एफआईआर, प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 नवंबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृति, किस्त जारी कराने और जियो-टैगिंग के नाम पर हितग्राहियों से पैसे मांगने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में शिकायत प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने साेमवार काे पत्रकाराें से स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर किसी भी हितग्राही को राशि देने की आवश्यकता नहीं है।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। आवास स्वीकृति से लेकर निर्माण कार्यों की निगरानी तक की प्रक्रिया को डिजिटल और पेपरलेस बनाया गया है, ताकि योजना का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। ऋषिकेश तिवारी ने बताया कि पूर्व में किए गए डिजिटल सर्वे के आधार पर पात्र हितग्राहियों को लगातार आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया में हितग्राहियों से अनावश्यक दस्तावेज या अतिरिक्त कागजात नहीं मांगे जा रहे हैं। उन्होंने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति आवास स्वीकृति, किस्त जारी कराने या जियो-टैगिंग के नाम पर पैसे मांगे तो इसकी शिकायत तत्काल संबंधित जनपद पंचायत अथवा जिला पंचायत कार्यालय में करें।

तीन किस्तों में मिलेंगे 1.20 लाख रुपये

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र हितग्राहियों को पक्का मकान बनाने के लिए कुल एक लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि तीन किस्तों में दी जाएगी। इसमें पहली किस्त 45 हजार रुपये, दूसरी किस्त 65 हजार रुपये और अंतिम किस्त 10 हजार रुपये निर्धारित है।

267 वर्गफीट में बनाना होगा आवास

योजना के तहत स्वीकृत आवास का न्यूनतम क्षेत्रफल 267 वर्गफीट निर्धारित किया गया है। जिला पंचायत सीईओ ने तकनीकी सहायकों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्माण स्थल का निरीक्षण कर निर्धारित मापदंडों के अनुसार ले-आउट तैयार कराएं। साथ ही निर्माण सामग्री की उपलब्धता और काम शुरू होने की स्थिति का सत्यापन कर फोटो सहित जानकारी संबंधित जनपद पंचायत को उपलब्ध कराएं।

90 दिनों में आवास निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

स्वीकृत आवासों का निर्माण सामान्य परिस्थितियों में 90 दिनों के भीतर पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।

विशेष परिस्थितियों में अधिकतम 180 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। सीईओ ने हितग्राहियों से ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक या पंचायत सचिव से संपर्क कर तकनीकी सहायकों की मदद से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की अपील की है, ताकि पहली किस्त का फंड ट्रांसफर ऑर्डर समय पर जारी हो सके।

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवास निर्माण की नियमित निगरानी करने तथा हितग्राहियों को आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और भ्रष्टाचार या अनियमितता की शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story