मां का दूध ही बच्चे के लिए सर्वोत्तम है : भगवती देवांगन

WhatsApp Channel Join Now
मां का दूध ही बच्चे के लिए सर्वोत्तम है : भगवती देवांगन


मां का दूध ही बच्चे के लिए सर्वोत्तम है : भगवती देवांगन


सोरिद वार्ड और जोधापुर वार्ड के आंगनबाड़ी केंद्र में स्तनपान दिवस मना

विश्व स्तनपान दिवस पर माताओं को दिया गया नवजात शिशुओं के पोषण का संदेश

धमतरी, 07 अगस्त (हि.स.)। विश्व स्तनपान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सोरिद वार्ड एवं जोधपुर वार्ड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से सोरिद वार्ड के आंगनबाड़ी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को स्तनपान के महत्व की जानकारी दी।

कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं को नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और समुचित विकास के लिए स्तनपान के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भगवती देवांगन एवं दीपमाला गजेंद्र ने बताया कि जन्म के पहले घंटे के भीतर शिशु को मां का दूध पिलाना अत्यंत आवश्यक है। इससे नवजात की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षा मिलती है।

उन्होंने कहा कि जन्म से छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध ही दिया जाना चाहिए तथा छह माह बाद अन्नप्राशन के माध्यम से ऊपरी आहार शुरू करने के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित माताओं को स्तनपान से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, संतुलित पोषण और शिशु देखभाल के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। वार्ड पार्षद एवं निगम सभापति कौशल्या देवांगन ने कहा कि मां का दूध बच्चे के लिए सबसे सुरक्षित, पौष्टिक और संपूर्ण आहार है। प्रत्येक माता को अपने शिशु के स्वस्थ भविष्य के लिए नियमित रूप से स्तनपान कराना चाहिए।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता डॉली देवांगन, भगवती, सरिता गजेंद्र, ऊषा सिन्हा, मितानिन सरिता पटेल, डिम्पल, फुलेश्वरी, नीरा तथा हितग्राही उमेश्वरी साहू, खेमा विश्वकर्मा, खुशी सिन्हा, हेमलता और लक्ष्मी सहित बड़ी संख्या में गर्भवती एवं शिशुवती माताएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story