विक्रमशीला पुल को 30 नवम्बर तक फिर चालू कर दिया जाएगा : मुख्यमंत्री
भागलपुर, 31 मई (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विक्रमशिला पुल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 30 नवंबर तक इस पुल पर आवागमन को पुनः शुरू करना है। फिलहाल पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से में अस्थायी व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुल को पुनः चालू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सुपरस्ट्रक्चर की जांच दो एजेंसियों द्वारा की जा चुकी है, जबकि एक तीसरी एजेंसी भी इसकी जांच करेगी। उसकी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुल के तीन स्लैब बदले जाएंगे। जब तक पुल पर यातायात बहाल नहीं होता, तब तक अस्थायी व्यवस्था के तहत बेली ब्रिज चालू रहेगा। इस दौरान पुल पार करने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
विक्रमशिला पुल का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री भागलपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने 203 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई और होने वाली 84 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं में सड़क, भवन, पेयजल, शिक्षा और आधारभूत संरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, जिनसे आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

