ट्रैक्टर से कुचलकर छह वर्षीय मासूम की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने फूंका वाहन

WhatsApp Channel Join Now
ट्रैक्टर से कुचलकर छह वर्षीय मासूम की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने फूंका वाहन


ट्रैक्टर से कुचलकर छह वर्षीय मासूम की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने फूंका वाहन


धमतरी, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व के दिन शुक्रवार सुबह घर के बाहर खेलने निकले छह वर्षीय मासूम की तेज रफ्तार रेत लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और आक्रोश भड़क उठा। गुस्साए ग्रामीणों ने पहले ट्रैक्टर चालक की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद घटनास्थल पर खड़े ट्रैक्टर में आग लगा दी, जिससे वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। इधर, मृत बच्चे के शव को गोद में लेकर पिता सड़क पर बिलखते रहे। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर प्रदर्शन किया ।सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी।

कुरूद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत नारी निवासी छह वर्षीय फणीश सोनी शुक्रवार सुबह घर से खेलने के लिए निकला था। इसी दौरान रेत भरकर तेज रफ्तार से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में फणीश की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने ट्रैक्टर चालक की पिटाई कर दी, जिसके बाद वह गंभीर हालत में घटनास्थल के पास बेहोश पड़ा रहा। इसके बाद भीड़ ने ट्रैक्टर में आग लगा दी। हादसे के बाद मृत फणीश के पिता अपने बेटे के शव को गोद में लेकर सड़क पर बैठकर फूट-फूटकर रोते रहे। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया और रेत के अवैध परिवहन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। पुलिस के समझाने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। चक्काजाम के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद जेसीबी की मदद से जले हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

एएसपी डीसी पटेल ने बताया कि ट्रैक्टर जब्त कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई है और मामले की जांच जारी है। घटना के बाद ग्राम नारी के ग्रामीणों ने क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसी वजह से तेज रफ्तार रेत परिवहन करने वाले वाहनों की आवाजाही बढ़ी है और हादसे लगातार हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सरपंच, पंच एवं ग्रामीण सदस्यों के इस्तीफे की मांग करते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। साथ ही रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर तत्काल रोक लगाने और हादसे के जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story